प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का चंडीगढ़ दौरा उत्तर भारत के विकास का नया अध्याय लिखेगा : हरीश गर्ग
चंडीगढ़, 15 जुलाई
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा केवल परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चंडीगढ़ एवं ट्राईसिटी क्षेत्र के लिए ₹6,600 करोड़ से अधिक की स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश तथा पूरे उत्तर भारत के करोड़ों नागरिकों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
हरीश गर्ग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आधुनिक एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, डिजिटल इंडिया, जीएसटी सुधार, जनधन, यूपीआई, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक ऐतिहासिक कदमों ने देश के व्यापार, उद्योग और अर्थव्यवस्था को नई शक्ति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला का व्यापारी वर्ग लंबे समय से बेहतर आधारभूत सुविधाओं, सुगम यातायात और आधुनिक व्यापारिक वातावरण की अपेक्षा कर रहा था। प्रधानमंत्री जी द्वारा राष्ट्र को समर्पित की जा रही नई परियोजनाएं व्यापार, उद्योग, पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति देंगी तथा क्षेत्र को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री जी से आग्रह किया कि चंडीगढ़ को देश का आदर्श व्यापारिक एवं सेवा क्षेत्र (Model Trade & Service City) बनाने के लिए व्यापारिक बाजारों के आधुनिकीकरण, मल्टी-लेवल पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, लॉजिस्टिक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल व्यापार को प्रोत्साहन तथा व्यापारी संगठनों के साथ नियमित संवाद की दिशा में भी विशेष पहल की जाए।
श्री गर्ग ने कहा कि कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) देशभर के व्यापारियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का चंडीगढ़ आगमन पूरे उत्तर भारत के लिए गौरव का विषय है। कैट चंडीगढ़ चैप्टर समस्त व्यापारी समुदाय की ओर से उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता है और विश्वास व्यक्त करता है कि यह दौरा क्षेत्र के विकास, व्यापार और जनकल्याण के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
